विधायक खरीदने के आरोपों पर पांच सवालों के साथ अरविंद केजरीवाल के घर पहुंची ACB, AAP के मंत्री ने शेयर किया फोन नंबर
ACB To Arvind Kejriwal: आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को भारत के चुनाव आयोग (ECI) पर फॉर्म 17c को अपलोड करने से इनकार करने का आरोप लगाया है।
ACB To Arvind Kejriwal: दिल्ली में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने अरविंद केजरीवाल के BJP के खिलाफ़ विधायकों की खरीद-फरोख्त के दावे पर पांच अहम सवाल उठाए हैं। अधिकारियों के दौरे के बाद अरविंद केजरीवाल के घर के बाहर तनाव पूर्ण माहौल पैदा हो गया। यह दौरा उप राज्यपाल वीके सक्सेना की ओर से पूर्व दिल्ली CM के इस आरोप की जांच करने की अनुमति दिए जाने के बाद हुआ है कि चुनाव परिणाम से पहले 16 आप उम्मीदवारों को पार्टी बदलने के लिए 15 करोड़ रुपए और मंत्री पद की पेशकश की गई थी। हालांकि, आप नेताओं ने अधिकारियों को अंदर जाने से यह कहते हुए मना कर दिया कि उनके पास जांच का कोई अधिकार नहीं है और वे BJP के प्रभाव में काम कर रहे हैं।
ACB ने बाद में अरविंद केजरीवाल को नोटिस दिखाकर उनको जांच के बारे में जानकारी दी। इसमें पूर्व दिल्ली CM से आज पूछताछ में शामिल होने और पांच सवालों के जवाब देने को कहा गया।
1- ACB ने बाद में अरविंद केजरीवाल से पूछा क्या रिश्वत के ऑफर मामले की ऑनलाइन पोस्ट (X) उनकी ओर से की गई थी। 2- ACB ने उन 16 विधायकों की डिटेल मांगी है, जिन्हें रिश्वत के ऑफर वाले फोन कॉल्स आए थे।
3- ACB ने पूर्व दिल्ली CM से आरोपों का समर्थन करने के लिए सबूत भी मांगे हैं। 4- ACB ने केजरीवाल से उस शख्स की जानकारी भी मांगी है, जिसने कथित रूप से AAP विधायकों को रिश्वत का ऑफर करते हुए कॉल्स किए थे।
5- ACB ने पूर्व दिल्ली CM को दिए नोटिस में कहा, ‘मीडिया/सोशल मीडिया प्लेटफार्मों पर ऐसी जानकारी फैलाने वाले लोगों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई क्यों नहीं की जानी चाहिए, जो दिल्ली के लोगों में दहशत और अशांति की स्थिति पैदा करने के समान है।’
AAP मंत्री ने शेयर किया नंबर
AAP से पहली बार विधायक बने मुकेश अहलावत को अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली मंत्रिमंडल में शामिल किया था। मुकेश अहलावत AAP के उन 16 उम्मीदवारों में शामिल हैं, जिन्हें चुनाव परिणामों से पहले कथित तौर पर भाजपा की ओर से पार्टी बदलने का प्रस्ताव मिला है। हालांकि, भाजपा ने इस आरोप से इनकार किया है। मुकेश अहलावत ने एक फोन नंबर शेयर किया, जिसके बारे में उन्होंने दावा किया कि कल रात उन्हें एक फ़ोन आया और कहा गया कि अगर वे आप छोड़कर भाजपा में शामिल हो जाते हैं तो उन्हें 15 करोड़ रुपये और मंत्री पद दिया जाएगा। लेकिन उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि वे अपने नेता को नहीं छोड़ेंगे, चाहे इसके लिए उन्हें कोई भी कीमत क्यों न चुकानी पड़े।
ECI पर डेटा शेयर न करने का लगाया आरोप
आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को भारत के चुनाव आयोग (ECI) पर फॉर्म 17c को “अपलोड करने से इनकार” करने का आरोप लगाया है। बता दें कि फॉर्म 17c दिल्ली विधानसभा क्षेत्र में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (EVM) में डाले गए कुल वोटों का डेटा प्रदान करता है। AAP प्रमुख ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, “चुनाव आयोग ने कई अनुरोधों के बावजूद फॉर्म 17c और प्रत्येक विधानसभा में प्रति बूथ डाले गए मतों की संख्या अपलोड करने से इनकार कर दिया है।”