Rajasthan Crime: बेटी गई ननिहाल, दोनों बेटे सो गए, फिर अवैध संबंधों से बौखलाए पति ने पत्नी को उतारा मौत के घाट
Murder in Jodhpur: पुलिस का कहना है कि आरोपी पति प्रेमाराम को अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह था। इसको लेकर दोनों में काफी समय से विवाद चल रहा था। आए दिन तकरार होती रहती थी।
राजस्थान के जोधपुर के राजीव गांधी नगर थानान्तर्गत केरू में भाखरी बास के मेघवाल बस्ती में चरित्र पर संदेह के चलते एक व्यक्ति ने नींद में तकिए से गला दबाकर पत्नी की हत्या कर दी थी। आरोपी ने पंखे के हुक पर ओढ़ने का फंदा लटकाकर पत्नी के आत्महत्या करने की कहानी रचकर पुलिस को सूचना दी थी, लेकिन पोस्टमार्टम में डॉक्टर को मृत्यु पर संदेह हो गया। सख्त पूछताछ में पति ने हत्या करना कबूल किया।
पुलिस ने अपनी तरफ से हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी पति को गिरफ्तार किया। थानाधिकारी सुरेश पोटलिया ने बताया कि केरू में भाखरी बास की मेघवाल बस्ती निवासी मंजू मेघवाल (28) की गत 18 फरवरी की देर रात पति प्रेमाराम मेघवाल (35) ने हत्या कर दी थी। उसने परिजन व आस-पास के लोगों को पत्नी के आत्महत्या करने की सूचना दी थी।
जोधपुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद शव मोर्चरी भिजवा दिया था, जहां पोस्टमार्टम में चिकित्सक को संदेह हो गया था। उन्होंने विसरा की एफएसएल जांच की जरूरत जताई थी। पुलिस ने डॉक्टर से बात की तो उन्होंने जहरीले पदार्थ या दम घुटने से मौत होने का अंदेशा जताया था।
सख्त पूछताछ में टूटा पति
इस सुराग के आधार पर पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लिया। प्रथम दृष्टया पूछताछ में वह अनजान बनता रहा। पुलिस ने सख्ती दिखाई तो उसने पत्नी की हत्या करना कबूल कर लिया। उसने बताया कि पत्नी के चाल चलन को लेकर उसे शक था। इसी के चलते उनमें विवाद होता था।
12 साल की बेटी ननिहाल गई हुई थी। गत 18 फरवरी की रात दोनों बेटे सो गए थे। रात 12 बजे तक पति-पत्नी में तकरार हुई थी। फिर पत्नी मंजू सो गई थी। तब गुस्से में पति प्रेमाराम ने तकिए से सो रही पत्नी का गला घोंट दिया था। थानाधिकारी ने खुद की तरफ से हत्या का मामला दर्ज कराया और आरोपी पति प्रेमाराम मेघवाल (35) को गिरफ्तार किया।
कई दिनों से था दोनों में विवाद
पुलिस का कहना है कि आरोपी पति प्रेमाराम को अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह था। इसको लेकर दोनों में काफी समय से विवाद चल रहा था। आए दिन तकरार होती रहती थी।
पुलिस भी भांप नहीं पाई, पोस्टमार्टम से खुली पोल
पत्नी की हत्या के बाद पति ने इसे आत्महत्या का रूप देने का पूरा प्रयास किया था। उसने मृतका के ओढ़ने को पंखे के हुक पर लटका दिया था। जिसे बीच में से कैंची से काटकर पत्नी के गले में बतौर फंदा डाल दिया था। शव फर्श पर रखने के बाद उसने परिजन व आस-पास के लोगों को पत्नी के खुदकुशी करने की जानकारी दी थी। 19 फरवरी की सुबह 4.15 बजे पुलिस कन्ट्रोल रूम में सूचना करवाई कि महिला ने आत्महत्या की है।
यह वीडियो भी देखें पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की तो पति ने बताया कि वह नींद से उठा तो पत्नी को फंदे पर लटका देखा। उसने कैंची से फंदा काटकर नीचे उतारा, लेकिन मृत्यु हो चुकी थी। प्रथम दृष्टया जांच में पुलिस को भी कोई संदेहास्पद नजर नहीं आया। घरवालों के साथ ही पीहर वालों ने भी कोई संदेह नहीं जताया था। पति की रिपोर्ट पर ही मर्ग दर्ज की थी, लेकिन पोस्टमार्टम में हत्या की पोल खुल गई।